दिल्ली के बवाना में भरभराकर गिरे फ्लैट, 4 लोगों की मौत, 2 को बचाया
, शुक्रवार, 11 फ़रवरी 2022 (18:40 IST)
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के बवाना क्षेत्र में बने राजीव रतन आवास योजना के कई फ्लैट शुक्रवार दोपहर भरभरा कर गिर गए। इस दुर्घटन में 4 लोगों के मरने की खबर है। हालांकि 2 महिलाओं को बचा लिया गया।
दमकल विभाग के अधिकारियों को घटना की सूचना दोपहर 2.48 बजे मिली, जिसके बाद दमकल की तीन से चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। पुलिस को सूचना मिली थी कि दिल्ली जल बोर्ड के पास की इमारत ढह गई है और 4 से 5 लोग मलबे में दब गए हैं। जेजे कॉलोनी की रहने वाली फातिमा और शहनाज के रूप में पहचानी गई दो महिलाओं को बचा लिया गया है और उन्हें अस्पताल भेज दिया गया है। दोनों खतरे से बाहर हैं।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि ढही हुई इमारत राजीव रतन आवास का हिस्सा है जिसमें करीब 300 से 400 फ्लैट हैं। उन्होंने बताया कि तीन जेसीबी, एक हाइड्रा मशीन और दो एंबुलेंस की मदद से मौके पर बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है।
अधिकारी ने बताया कि दो महिलाओं (फातिमा और शहनाज़) को मलबे से बाहर निकाला गया और एमवी अस्पताल पूठ खुर्द भेजा गया है। दोनों बवाना की जेजे कॉलोनी की रहने वाली हैं। पुलिस ने बताया कि मलबे से निकाली गई दोनों महिलाएं खतरे से बाहर हैं।
अगला लेख