Publish Date: Fri, 01 Feb 2019 (22:12 IST)
Updated Date: Fri, 01 Feb 2019 (22:43 IST)
मुंबई। पिछले 15 सालों से फरार चल रहे गैंगस्टर रवि पुजारी को दक्षिण अफ्रीका के सेनेगल में गिरफ्तार किया गया है। सुरक्षा प्रतिष्ठान के सूत्रों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने पहचान उजागर नहीं करने की शर्त पर बताया कि पुजारी को 22 जनवरी को सेनेगल की राजधानी डकार के एक होटल से पकड़ा गया था। मुंबई पुलिस ने इस पर कोई टिप्पणी नहीं की है कि यह खबर सच्ची है या नहीं?
अधिकारी ने बताया कि भारतीय दूतावास को 25 जनवरी को उसकी गिरफ्तारी की खबर मिली। पुजारी भारत के विभिन्न हिस्सों में जबरन वसूली और हत्या के दर्जनों मामलों से घिरा है। वह कथित रूप से जबरन वसूली सिंडीकेट चलाता था।
उसके विश्वस्त सहयोगियों विलियम रोड्रिक्स और आकाश शेट्टी को हाल ही मुंबई पुलिस की अपराध शाखा ने जबरन वसूली के एक मामले में गिरफ्तार किया था। अधिकारी के अनुसार भारतीय अधिकारी उसे वापस देश में लाने के लिए अब प्रत्यर्पण की प्रक्रिया शुरू करेंगे। (भाषा)