Punjab: गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी का मामला, निरादर करने वाला गिरफ्तार

Webdunia
सोमवार, 24 अप्रैल 2023 (22:38 IST)
रूपनगर। पंजाब के रूपनगर जिले के मोरिंडा शहर में सोमवार को एक गुरुद्वारे में 2 ग्रंथियों के साथ मारपीट करने और गुरु ग्रंथ साहिब (Guru Granth Sahib) का निरादर करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया गया। इस घटना के बाद शहर में कई जगह विरोध प्रदर्शन शुरू हो गए। पूर्व मुख्यमंत्रियों अमरिंदर सिंह और चरणजीत सिंह चन्नी सहित विभिन्न नेताओं ने इस घटना पर दु:ख व्यक्त किया है।
 
इस घटना के बाद पंजाब पुलिस ने आरोपी जसवीर सिंह को गिरफ्तार कर लिया। मुख्यमंत्री भगवंत मान समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने इस घटना की कड़ी निंदा की है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें जसवीर सिंह नामक एक व्यक्ति को कोतवाली साहिब गुरुद्वारे के गर्भगृह में रैलिंग पार करके और फिर गुरु ग्रंथ साहिब का पाठ कर रहे 2 ग्रंथियों के साथ मारपीट करते हुए देखा जा सकता है। इसके बाद जसवीर गुरु ग्रंथ साहिब का अपमान भी करता है।
 
जसवीर सिंह को बाद में गुरुद्वारे में मौजूद श्रद्धालुओं ने पकड़ लिया और उसकी पिटाई की। इसके बाद उसे पुलिस को सौंप दिया गया। इस घटना से स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने मोरिंडा पुलिस थाने के बाहर विरोध प्रदर्शन किया और आरोपी को कड़ी सजा देने की मांग की। घटना के विरोध में मोरिंडा शहर में बाजार भी बंद रहे।
 
पूर्व मुख्यमंत्रियों अमरिंदर सिंह और चरणजीत सिंह चन्नी सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के वरिष्ठ नेताओं ने इस घटना पर दु:ख व्यक्त किया और इस मामले में आरोपी को कड़ी सजा देने की मांग की। भगवंत मान ने कहा कि मोरिंडा की घटना बेहद निंदनीय है और इसके लिए किसी को बख्शा नहीं जाएगा।
 
मान ने ट्वीट किया कि जिस किसी ने भी गुरु ग्रंथ साहिब का अपमान किया है, उसे सख्त से सख्त सजा दी जाएगी। हमारे लिए श्री गुरु ग्रंथ साहिब का सम्मान सबसे पहले है। पुलिस महानिरीक्षक गुरप्रीत सिंह भुल्लर सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी स्थिति का जायजा लेने मोरिंडा पहुंच गए हैं।
 
इस घटना को लेकर अमरिंदर सिंह ने ट्वीट किया कि मोरिंडा में गुरुद्वारा श्री कोतवाली साहिब में बेअदबी की घटना बेहद निंदनीय है। मैं पंजाब पुलिस से इस जघन्य अपराध को अंजाम देने वालों को तुरंत गिरफ्तार करने और सख्त से सख्त सजा देने का आग्रह करता हूं। कांग्रेस नेता और पंजाब विधानसभा में विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा ने राज्य सरकार से आरोपियों को सख्त सजा देने की मांग की है।
 
बाजवा ने ट्वीट किया कि पंजाब के मोरिंडा में गुरुद्वारा साहिब में बेअदबी की घटना के बारे में सुनकर स्तब्ध हूं। इसके लिए जिम्मेदार व्यक्ति पकड़ा गया है और पुलिस हिरासत में है। संगत से मेरी अपील है कि हर कीमत पर शांति और सद्भाव बनाए रखें। मैं पंजाब सरकार से अनुरोध करता हूं कि दोषियों को कड़ी सजा दी जाए। चन्नी भी मोरिंडा पहुंचे और इस घटना के विरोध में प्रदर्शन में शामिल हुए।(भाषा)
 
Edited by: Ravindra Gupta

सम्बंधित जानकारी

Show comments

जरूर पढ़ें

AAP के साथ अखिलेश यादव का दिल्ली में प्रचार, BJP को लेकर क्या बोले

दिल्ली चुनावों के बीच CM भगवंत मान के घर EC का छापा, क्या बोलीं आतिशी

Jio, Airtel और Vi ने सस्ते किए अपने प्लान्स, TRAI ने दिया था आदेश

स्वाति मालीवाल ने केजरीवाल के आवास के बाहर फेंका कूड़ा, पुलिस ने लिया हिरासत में

आखिर लाल रंग के कपड़े या सूटकेस में क्यों पेश किया जाता है देश का बजट?

सभी देखें

नवीनतम

Mahakumbh Stampede : जांच के लिए न्यायिक आयोग पहुंचा प्रयागराज, 1 महीने में सौंपेगा रिपोर्ट

Kerala : ब्वॉयफ्रेंड की क्रूरता और यौन उत्पीड़न की शिकार लड़की की मौत

मोदी ने साधा सोनिया पर निशाना, कहा- कांग्रेस के ‘शाही परिवार’ ने किया राष्ट्रपति का अपमान

5 फरवरी आएगी, आप-दा जाएगी, भाजपा आएगी : पुष्कर धामी

भाजपा ने 2024 के लोस चुनाव में खर्च किए 1737.68 करोड़ रुपए

अगला लेख