Publish Date: Thu, 04 Apr 2019 (22:32 IST)
Updated Date: Thu, 04 Apr 2019 (22:36 IST)
महू/इंदौर। मध्यप्रदेश के महू में स्थित भारतीय सेना की बेरछा रेंज में गुरुवार को अचानक आग लग जाने से 2 जवानों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से झुलस गए।
दिल्ली में रक्षा विभाग के जनसंपर्क अधिकारी कर्नल अमन आनंद ने बताया कि महू में सेना के बेरछा रेंज में आग लगने से हमारे दो फौजियों ने अपनी जान गवां दी और पांच अन्य गंभीर रूप से झुलस गए हैं।
उन्होंने कहा कि आग बुझाते समय इनकी जान गई है। आनंद ने बताया कि इससे ज्यादा मैं अभी कुछ नहीं कह सकता हूं। जल्द ही इसके बारे में विस्तृत जानकारी आपको उपलब्ध करा दी जाएगी।
वहीं महू के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) धर्मराज मीणा ने बताया कि महू छावनी के पास स्थित सेना की बेरछा फायरिंग रेंज में युद्ध कौशल के अभ्यास के दौरान हादसे में दो जवानों की मौत हो गई। इनके शव पोस्टमॉर्टम के लिये महू के मध्यभारत अस्पताल लाए गए हैं। एएसपी ने कहा कि अभी पुलिस के सामने स्पष्ट नहीं हो सका है कि सेना की फायरिंग रेंज में हादसा किस तरह हुआ?