Publish Date: Fri, 16 Sep 2022 (08:47 IST)
Updated Date: Fri, 16 Sep 2022 (09:07 IST)
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में शुरू हुई रिकॉर्ड तोड़ बारिश से जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया। हजरतगंज में दीवार गिरने से 9 मजदूरों की मौत हो गई। इस बीच उन्नाव में भी मिट्टी का मकान गिरने से 3 बच्चों की मौत हो गई।
घटना हजरतगंज के दिलकुशा कॉलोनी के पास एक मकान की दीवार गिरने से 9 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 2 बच्चें भी शामिल है।
लखनऊ के जिला अधिकारी ने सिविल हास्पिटल पहुंच कर घायलों का हाल-चाल जाना। उन्होंने कहा कि हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों को आपदा राहत के अंतर्गत मुख्यमंत्री की ओर से 4-4 लाख रुपए की सहायता प्रदान की जाएगी।
कमिश्नर डॉ.रोशन जैकब ने जिले के सभी सरकारी,गैर सरकारी, मान्यता प्राप्त और निजी स्कलों को शुक्रवार को बंद रखने का आदेश दिया है। इसके अलावा सभी सरकारी और गैर सरकारी कार्यालयों को भी बंद किया गया है और प्रशासन ने लोगों को घरों के अंदर ही रहने की सलाह दी है।
लखनऊ के पास स्थित उन्नाव में भी भारी बारिश का दौर जारी है। लगातार हो रही बारिश की वजह से एक मिट्टी का मकान ढहने से उन्नाव में 3 बच्चों की मौत हो गई।